मासिक धर्म पर एक दिन की छुट्टी , एक छोटा फैसला, बड़ी बहस
मासिक धर्म पर एक दिन की छुट्टी , एक छोटा फैसला, बड़ी बहस

हाल ही में एलएंडटी (L&T) के चेयरमैन ने एक बड़ा और प्रगतिशील फैसला लिया महिलाओं को मासिक धर्म (पीरियड्स) के लिए हर महीने एक दिन की छुट्टी देने का। यह फैसला जितना सहानुभूति और समझदारी से भरा था, उतना ही इस पर विवाद भी हुआ। खबर आते ही सोशल मीडिया पर जैसे तूफान आ गया। कुछ लोगों ने इसे सराहा, तो कई लोग सवाल उठाने लगे कि “पुरुषों के मानसिक स्वास्थ्य का क्या?”, “पुरुष तो ज्यादा काम करते हैं, उन्हें छुट्टी क्यों नहीं?” फिर तो महिलाएं आसानी से प्रमोशन भी पा लेंगी! लेकिन क्या कभी हमने सोचा है कि महिलाएं हर महीने कितनी तकलीफ से गुजरती हैं?
मैं खुद एक महिला हूं और पिछले 13 सालों से हर महीने मासिक धर्म के उस चक्र से गुजर रही हूं, जो न सिर्फ शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी थका देने वाला होता है। ये सिर्फ चार–पांच दिन खून बहने की बात नहीं है। दर्द, चिड़चिड़ापन, थकावट, मूड स्विंग्स, और कभी-कभी बिना किसी वजह के बेचैनी, ये सब कुछ कई बार पीरियड्स से एक हफ्ता पहले ही शुरू हो जाते हैं। हर महीने शरीर खुद को तोड़कर फिर से जोड़ता है। पेट के नीचे का वह ऐंठन भरा दर्द, पीठ में भारीपन, पैरों में झनझनाहट, और कभी-कभी सिर में इतना तेज़ दर्द कि कुछ सोचने की ताकत तक नहीं बचती। लेकिन फिर भी, हमसे उम्मीद की जाती है कि हम स्कूल जाएं, ऑफिस का काम समय पर करें, घर संभालें, मुस्कराएं, और कभी शिकायत भी न करें।
ना स्कूलों में छुट्टी मिलती है, ना दफ्तरों में कोई सहानुभूति। अगर हम दर्द की बात करें, तो लोग कहते हैं, “ये तो नॉर्मल है, सबको होता है।” लेकिन कोई ये नहीं समझता कि हर शरीर अलग होता है, और हर किसी का अनुभव अलग। कुछ के लिए ये दर्द इतना असहनीय होता है कि बिस्तर से उठना भी मुश्किल हो जाता है। फिर भी हम काम पर जाते हैं, मीटिंग्स अटेंड करते हैं, पढ़ाई करते हैं, और दिनभर खुद को संयम में रखते हैं ताकि कोई ये न कहे कि “वो तो पीरियड्स पर है, इसलिए मूड खराब है।”
ये सिर्फ खून बहने की बात नहीं है। ये हमारी सहनशीलता की परीक्षा है हर महीने। फिर भी हम लड़कियां और महिलाएं इसे अपनी जिंदगी का हिस्सा मानकर चुपचाप सहती रहती हैं, बिना शिकायत के। क्योंकि हम जानती हैं कि अगर हमने आवाज़ उठाई, तो शायद हमें ‘कमज़ोर’ कह दिया जाएगा।
बचपन में मुझे PMS (प्री-मेंस्ट्रुअल सिंड्रोम), का मतलब तक नहीं पता था। अचानक चिड़चिड़ापन क्यों होता है, मूड क्यों खराब हो जाता है, शरीर इतना थका-थका क्यों महसूस करता है, इन सवालों का कोई जवाब नहीं था। बस यही समझाया गया कि “ये सब नॉर्मल है, होता है लड़कियों को।”

हमारे स्कूलों में इस विषय पर ना के बराबर जानकारी दी जाती है। जो कुछ भी बताया जाता है, वो बस बायोलॉजी की किताबों में सूखी भाषा में होता है, क्लिनिकल, भावनाओं से रहित। हमें कभी नहीं सिखाया गया कि PMS भी एक असली, वैज्ञानिक रूप से सिद्ध मानसिक और शारीरिक स्थिति है, जिसमें हार्मोनल बदलावों की वजह से लड़कियां और महिलाएं इमोशनली और फिजिकली परेशान हो सकती हैं।
समाज में भी इस पर बात करना जैसे एक ‘गुनाह’ हो। जैसे मासिक धर्म कोई बीमारी या शर्म की बात हो। अगर किसी ने पीरियड्स या PMS पर बात की, तो उसे चुप करा दिया जाता है, “छोटे बच्चे बैठे हैं”, “ये सब बातों को घर के अंदर ही रखना चाहिए”, “ऐसी बातें सार्वजनिक रूप से नहीं की जातीं”। पर सवाल ये है क्यों नहीं? क्यों हमें अपने ही शरीर के बारे में चुप रहना सिखाया जाता है? क्यों एक नैचुरल बायोलॉजिकल प्रोसेस को ‘गंदा’, ‘शर्मनाक’ या ‘छुपाने लायक’ बना दिया गया है?
अगर बचपन से हमें PMS और पीरियड्स के बारे में खुलकर बताया जाता, तो शायद हम अपने शरीर के साथ ज्यादा जुड़ाव महसूस करते। शायद हम खुद को दोषी या ‘कमज़ोर’ नहीं समझते जब PMS के चलते रोने का मन करता या गुस्सा आ जाता। शायद लड़के भी इसे समझते और संवेदनशील बनते, ना कि मज़ाक उड़ाते। यह कोई बहाना नहीं है, ये एक रियलिटी है, जिससे हर महीने लाखों लड़कियां और महिलाएं गुजरती हैं। हमें चाहिए कि हम इस पर बात करें, खुलकर, बिना शर्म के। ताकि अगली पीढ़ी की लड़कियों को वो अकेलापन ना महसूस हो जो हमने किया।
आजकल “फेमिनिज्म” शब्द को इस तरह पेश किया जाने लगा है, जैसे ये कोई खतरनाक विचारधारा हो। जैसे अगर महिलाएं अपने हक की बात करें, बराबरी की मांग करें, तो समाज की नींव हिल जाएगी। उन्हें ‘संस्कृति के खिलाफ’, ‘परिवार-विरोधी’ या ‘अत्यधिक बोल्ड’ तक कह दिया जाता है। जबकि सच्चाई यह है कि फेमिनिज़्म का मतलब है, समानता। अधिकारों की समानता, अवसरों की समानता, और इज्ज़त की समानता।
फेमिनिज़्म का मतलब पुरुषों से नफरत करना नहीं है, बल्कि उस सोच से लड़ना है जो महिलाओं को हमेशा “कम” समझती आई है। यह उस सिस्टम पर सवाल उठाना है जिसमें लड़की चाहे जितनी पढ़ी-लिखी हो, चाहे वह खुद कमाकर अपना और अपने परिवार का खर्चा उठा रही हो, फिर भी उस पर यह ‘कर्तव्य’ थोप दिया जाता है कि घर के सारे काम उसी की ज़िम्मेदारी हैं। एक कामकाजी महिला सुबह ऑफिस जाती है, दिनभर टारगेट्स पूरे करती है, मीटिंग्स में भाग लेती है, अपनी पहचान बनाती है। लेकिन जब वो शाम को थकी हारी घर लौटती है, तो उससे उम्मीद की जाती है कि वो खाना भी बनाए, बच्चों का होमवर्क भी देखे, घर की सफाई भी करे, और साथ ही मुस्कराती भी रहे। ये दोहरी जिम्मेदारी सिर्फ इसलिए क्योंकि वो एक औरत है।
पढ़ी लिखी और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर महिलाएं भी घरेलू बराबरी से वंचित हैं। उनसे ये उम्मीद की जाती है कि वो अपने करियर को “बैलेंस” करें, लेकिन उसी वक्त उनके पुरुष साथियों को ऐसा कोई दबाव नहीं झेलना पड़ता। अगर कोई महिला कह दे कि “मैं अकेले सब कुछ नहीं कर सकती,” तो लोग कहते हैं, “फिर शादी क्यों की?” या “ये तो फेमिनिस्ट हो गई है।” समाज में अब भी ये धारणा है कि एक ‘अच्छी’ औरत वो होती है जो बिना शिकायत सब कुछ सहती है, जो खुद को सबसे आखिरी में रखती है। लेकिन क्या हम ये सवाल नहीं कर सकते कि एक औरत का ‘अच्छा’ होना उसकी खुशी और संतुलन से क्यों नहीं मापा जाता?
फेमिनिज़्म को बदनाम करने की ये कोशिशें इसलिए होती हैं क्योंकि बराबरी से सबसे ज़्यादा डर उन्हें लगता है जो हमेशा से अपने विशेषाधिकारों को ही ‘नॉर्मल’ मानते आए हैं। लेकिन अब वक्त है कि हम इस डर को तोड़ें। महिलाओं को ना सिर्फ घर में, बल्कि हर जगह ऑफिस, समाज, और रिश्तों में बराबरी का हक मिले।
जो लोग कहते हैं कि “यह फैसला गलत है,” कि महिलाओं को पीरियड्स में छुट्टी देना या उनके दर्द को गंभीरता से लेना समाज को “कमज़ोर” बना देगा, उनसे बस एक सवाल है, जब आपकी माँ, बहन या पत्नी पीरियड्स के दौरान दर्द में तड़प रही थीं, क्या आपने उन्हें कभी सच में आराम करने दिया? क्या आपने उनके हिस्से के काम खुद करने की कोशिश की?
कई बार हम अपने सबसे क़रीबी रिश्तों में भी यह समझ नहीं पाते कि एक औरत किस दर्द से गुजर रही है। पेट में मरोड़, कमर में जकड़न, पैरों में थकान, और मन में एक अनजानी बेचैनी, ये सब कुछ वो हर महीने झेलती हैं, और फिर भी मुस्कुराते हुए अपने सारे कर्तव्य निभाती हैं। क्योंकि उन्हें सिखाया गया है कि दर्द को छुपाना ही ‘सशक्त महिला’ की पहचान है।
लेकिन अब वक्त आ गया है कि हम ये समझें महिलाओं का दर्द सिर्फ निजी नहीं है, यह एक सामाजिक मुद्दा है। जब एक महिला ऑफिस में दर्द के बावजूद काम करती है, जब एक स्कूल जाने वाली लड़की पीरियड्स के दौरान असहज महसूस करते हुए भी क्लास में बैठती है, या जब एक माँ घर के सारे काम पीरियड्स के समय भी वैसे ही करती है जैसे किसी और दिन, तब ये सिर्फ उनका व्यक्तिगत संघर्ष नहीं होता, बल्कि हमारी सामूहिक असंवेदनशीलता का प्रमाण होता है। हमारा समाज तब तक प्रगतिशील नहीं कहा जा सकता, जब तक वो महिलाओं के दर्द को ‘अदृश्य’ मानता रहेगा। छुट्टी देना या सहानुभूति दिखाना कोई ‘विशेष सुविधा’ नहीं है, ये एक मानवीय ज़रूरत है। ये सम्मान है उस संघर्ष का, जो महिलाएं हर महीने झेलती हैं बिना किसी शिकायत के।
तो अगली बार जब कोई कहे कि “ये फेमिनिज्म बहुत बढ़ गया है” या “हर चीज़ के लिए विशेष सुविधा क्यों चाहिए,” तो बस इतना पूछिए—”जब आपकी माँ दर्द में थीं, तब आपने क्या किया?” अगर जवाब में कुछ सोचने की ख़ामोशी हो, तो समझिए बात गलत नहीं, सोच अधूरी है। और इस सोच को बदलना अब ज़रूरी है।
हम यह नहीं कह रहे कि पुरुषों की समस्याएँ नहीं हैं। लेकिन जब भी महिलाओं के लिए कोई अच्छा फैसला होता है, तब पुरुषों की तकलीफ़ क्यों सामने लाई जाती है?
सच तो यह है कि जब महिलाएं अपनी बात कहती हैं, अपने लिए खड़ी होती हैं, तो समाज को वह मंजूर नहीं होता। लेकिन अब वक्त बदल रहा है। हम चुप नहीं बैठेंगे। यह छुट्टी कोई स्पेशल ट्रीटमेंट नहीं है, यह एक जरूरी सुविधा है। यह फैसला समाज में बराबरी की तरफ एक छोटा लेकिन अहम कदम है।


0 Comments:
Post a Comment
Subscribe to Post Comments [Atom]
<< Home