Tuesday, April 15, 2025

बॉडी शेमिंग क्या है? खूबसूरती की परख या समाज की एक और कड़वी सच्चाई?

 

बॉडी शेमिंग क्या है? खूबसूरती की परख या समाज की एक और कड़वी सच्चाई?

क्या आपने कभी सोचा है , आप जैसा महसूस करते हैं, वैसा ही दिखने लगते हैं? और जैसा दिखने लगते हैं, वैसा ही समाज आपको ट्रीट करता है। लेकिन रुकिए! आपकी बॉडी कोई जोक नहीं है, और आपकी मेंटल हेल्थ किसी की “परख” का टूल नहीं। इसलिए अब वक्त है सवाल पूछने का।बॉडी शेमिंग, क्या ये खूबसूरती की परिभाषा है या फिर समाज की सबसे बदसूरत सोच?

बॉडी शेमिंग की शुरुआत कहां से होती है?

बॉडी शेमिंग यानी किसी के शरीर को लेकर उसका मज़ाक उड़ाना, शर्मिंदा करना या ताने मारना। हैरानी की बात ये है कि इसकी शुरुआत अक्सर हमारे घर से ही होती है। बचपन में ही बच्चों को उनके रंग, वजन या कद को लेकर परिवार के लोग बातें सुनाने लगते हैं। ये बातें धीरे-धीरे उनके आत्मविश्वास को खत्म कर देती हैं।

स्कूल, कॉलेज और सोशल मीडिया तक फैला ज़हर:

स्कूल और कॉलेज में बच्चों को उनके शरीर के आधार पर नाम दे दिए जाते हैं जैसे,”मोटी”, “छोटू”, “लंबी गगरी”, आदि। यह मानसिक रैगिंग का रूप है, जिसे हम हल्के में ले लेते हैं। आज सोशल मीडिया जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर भी यह ट्रेंड तेजी से बढ़ा है। अनंत अंबानी की शादी के वीडियो पर हुए बॉडी शेमिंग वाले कमेंट्स इसका ताजा उदाहरण हैं।

टीवी शोज़, रियलिटी प्रोग्राम्स और विज्ञापनों में अक्सर किसी के शरीर को लेकर जोक्स बनाए जाते हैं। ‘द कपिल शर्मा शो’ जैसे कार्यक्रमों में महिला कलाकारों पर फिजिकल कमेंट्स करके दर्शकों को हंसाया जाता है। ये सब हमारे समाज की सोच को दर्शाता है और बॉडी शेमिंग को “सामान्य” बना देता है।

लड़कियों पर क्यों पड़ता है बॉडी शेमिंग का ज़्यादा असर:

हालांकि बॉडी शेमिंग लड़के और लड़कियों दोनों के साथ हो सकती है, लेकिन इसका सबसे बड़ा असर लड़कियों पर होता है। समाज लड़कियों की खूबसूरती को उनकी पहचान बना देता है।
“सांवली हो? शादी में दिक्कत आएगी।”
“मोटी हो? वजन कम करो।”
“दुबली हो? क्या खाती ही नहीं?”

इस तरह की बातें उन्हें बार-बार शर्मिंदा करती हैं और मानसिक तनाव का कारण बनती हैं।

खूबसूरती का असली मतलब क्या है?

खूबसूरती सिर्फ गोरे रंग या पतली कमर में नहीं होती। आत्मविश्वास, आत्म-सम्मान और व्यवहार ही इंसान को खूबसूरत बनाता है। समाज को यह समझना होगा कि शरीर की बनावट किसी की योग्यता नहीं तय करती।

स्कूल, कॉलेज और वर्कप्लेस में बॉडी शेमिंग को उतनी ही गंभीरता से लेना चाहिए जितना कि रैगिंग को। इसके लिए कड़े नियम और सख्त सजा की ज़रूरत है। साथ ही, पेरेंट्स और मीडिया को भी अपनी सोच में बदलाव लाना होगा।

बदलाव की शुरुआत घर से करें:

बॉडी शेमिंग एक मानसिक हिंसा है जिसे मज़ाक समझा जाता है। अब समय आ गया है कि हम इस सोच को जड़ से खत्म करें। अपने बच्चों को सिखाएं कि हर शरीर खूबसूरत है और हर व्यक्ति सम्मान के लायक।

हमें यह समझना होगा कि हर इंसान सम्मान के लायक है ,चाहे उसका शरीर समाज के “मापदंडों” पर खरा उतरे या नहीं।
खूबसूरती का कोई तय पैमाना नहीं होता। जो समाज ने बना रखा है, वो गलत है। असली खूबसूरती वो होती है जो आत्मा और सोच में हो। चलो, अब इस मानसिक हिंसा को मज़ाक समझना बंद करें। खुद को और दूसरों को स्वीकार करना सीखें , क्योंकि हर शरीर की अपनी कहानी होती है। और हर कहानी खूबसूरत होती है।

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home